देश
पटना के अदालतगंज में ‘नाली-गली योजना’ की पोल खुली: सड़क बनी, नाली अधूरी, खतरे में लोग
पटना। अदालतगंज स्थित झोपड़पट्टी इलाके में सरकारी योजनाओं के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। मुख्यमंत्री शहरी नाली-गली पक्कीकरण योजना के तहत लगाए गए बोर्ड में जहां पक्की सड़क और नाली निर्माण का उल्लेख है, वहीं मौके पर स्थिति इसके उलट दिखाई देती है।
इलाके में पीसीसी सड़क का निर्माण तो हुआ है, लेकिन नाली आज भी अधूरी और खुली पड़ी है। न तो इसका पक्कीकरण किया गया है और न ही इसे ढंकने के लिए कोई व्यवस्था की गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह खुला नाला हादसों और बीमारियों का बड़ा कारण बन चुका है।
खुला नाला बना खतरा, कई लोग हो चुके हैं घायल

स्थानीय निवासियों ने बताया कि नाले में गहराई काफी ज्यादा है और इसमें गिरने का खतरा बना रहता है। हाल ही में होली के दौरान 4-5 लोग इसमें गिरकर घायल हो गए, जिनमें कुछ के हाथ भी टूट गए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इसे ढंका नहीं गया, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
टूटी पुलिया की दीवार अब तक नहीं बनी
इलाके में एक पुलिया की दीवार वर्षों से टूटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 2010-11 में बनी इस पुलिया की मरम्मत आज तक नहीं कराई गई, जबकि 2024-25 में इसके निर्माण और मरम्मत का बोर्ड लगा दिया गया है। लोगों का आरोप है कि जो काम होना चाहिए, वह नहीं हो रहा, और जो नहीं होना चाहिए, उस पर ध्यान दिया जा रहा है।
बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय, मजबूरी में निजी व्यवस्था
नगर निगम द्वारा बनाए गए करीब एक दर्जन सार्वजनिक शौचालयों पर ताले लगे हुए हैं। मजबूरी में लोग निजी शौचालय बनाकर उपयोग कर रहे हैं, जबकि कई परिवार अब भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। पानी की व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू नहीं है।
सफाई व्यवस्था भी बदहाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले की सफाई महीने में केवल एक बार होती है, जिससे गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है। दुर्गंध के कारण रहना मुश्किल हो जाता है और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना रहता है।
जनप्रतिनिधियों पर उठे सवाल
इलाके में लगे बोर्ड पर वार्ड पार्षद द्वारा कार्य संपन्न होने का दावा किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीनी स्तर पर कार्य अधूरा है। लोगों ने आरोप लगाया कि सिर्फ बोर्ड लगाकर काम पूरा दिखा दिया जाता है, जबकि हकीकत कुछ और है।
स्थानीयों की मांग: जल्द हो सुधार

अदालतगंज की इस बस्ती में रहने वाले लोग मांग कर रहे हैं कि नाले को जल्द पक्का कर ढंका जाए, टूटी पुलिया की मरम्मत हो और सार्वजनिक शौचालयों को चालू किया जाए। उनका कहना है कि बुनियादी सुविधाएं मिलने से ही वे सुरक्षित और स्वस्थ जीवन जी पाएंगे।
-
देश1 year agoसत्ता, पैसा और अंधविश्वास – बाबा इंडस्ट्री की असली कहानी
-
देश1 year agoन्याय के लिए डंडा खाती मां! 🚨 ममता सरकार पर सवाल | Kolkata Case
-
Blog1 year agoBageshwar Baba Exposed? 😱 Miracle ✨ या Illusion 🎭
-
एजुकेशन1 year agoखमरिया गांव की शिक्षा पर संकट: ताले में बंद प्राथमिक शाला और मधुशाला बनी माध्यमिक शाला

You must be logged in to post a comment Login