बतंगड़ स्पेशल
35 साल पुरानी धर्मशाला पर कब्जे का आरोप, जन विश्वास शिविर में पहुंचा मामला
हातोद में समाज के लोगों ने अवैध अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई की मांग उठाई
हातोद (इंदौर)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक-1 के भलाई समाज के लोगों ने लगभग 30–35 वर्ष पुरानी सामुदायिक धर्मशाला पर कथित अवैध कब्जे का मामला उठाया। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि धर्मशाला को तोड़कर उस पर अतिक्रमण किया गया, जबकि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सांसद निधि और जनसहयोग से बनी थी धर्मशाला
शिकायतकर्ताओं के अनुसार धर्मशाला का निर्माण करीब 35 वर्ष पहले सांसद निधि और समाज के लोगों के आर्थिक सहयोग से कराया गया था। निर्माण नगर परिषद की स्वीकृति और अनुमान (एस्टीमेट) के आधार पर हुआ था तथा वर्षों तक इसका उपयोग सामाजिक कार्यक्रमों और विवाह समारोहों के लिए होता रहा।
‘धर्मशाला तोड़ी, कब्जे का प्रयास किया’
समाज के लोगों का आरोप है कि करीब एक-दो वर्ष पहले पास की जमीन खरीदने वाले कुछ लोगों ने धर्मशाला का हिस्सा तोड़ दिया और वहां पिलर खड़े कर अतिक्रमण करने का प्रयास किया। विरोध करने पर धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया गया।
‘शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई’
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मामले की सूचना पुलिस, नगर परिषद, एसडीएम कार्यालय और अन्य अधिकारियों को दी गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि अलग-अलग विभाग एक-दूसरे के पास भेजते रहे, जिससे समस्या जस की तस बनी रही।
आरटीआई में रिकॉर्ड नहीं मिलने का दावा
समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि सूचना के अधिकार (RTI) के तहत धर्मशाला और उससे जुड़े सड़क निर्माण के दस्तावेज मांगे गए थे। उनका दावा है कि नगर परिषद ने रिकॉर्ड उपलब्ध न होने और संबंधित फाइलें नहीं मिलने की जानकारी दी।
अतिक्रमण हटाने और एफआईआर की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि धर्मशाला से कथित अवैध कब्जा तत्काल हटाया जाए, परिसर की सफाई कराई जाए और यदि अवैध निर्माण या तोड़फोड़ हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि शादी-विवाह के मौसम में समाज को धर्मशाला की आवश्यकता है।
‘सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे’
समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर धर्मशाला को मुक्त कराने की मांग की।
प्रशासन का पक्ष
शिविर में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का पंजीकरण किया जा रहा है। जिन शिकायतों का तत्काल निराकरण संभव है, उनका मौके पर समाधान किया जा रहा है, जबकि अन्य मामलों में एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

You must be logged in to post a comment Login