देश
90 फीसदी छात्र फेल, फीस लेने के बाद भी पास नहीं कराने का आरोप
पटना। वीवी गिरि कॉलेज के बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और अन्य पाठ्यक्रमों के छात्रों ने परीक्षा परिणाम और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि करीब 90 फीसदी से अधिक विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया, जबकि उनसे परीक्षा पास कराने और ‘मैनेजमेंट’ के नाम पर पैसे लिए गए थे। छात्रों का कहना है कि कॉलेज का शैक्षणिक सत्र पहले से ही दो-तीन साल पीछे चल रहा है। इसके बावजूद समय पर कक्षाएं और परीक्षाएं नहीं होतीं। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कॉलेज प्रबंधन ने समस्याओं का समाधान नहीं किया।
पैसे लेने के बाद फेल करने का आरोप

प्रदर्शनकारी छात्रों ने दावा किया कि उनसे परीक्षा और ‘मैनेजमेंट’ के नाम पर रकम ली गई और पास कराने का भरोसा दिया गया। छात्रों का सवाल है कि यदि उन्हें अपनी योग्यता के आधार पर ही परीक्षा देनी थी तो इस तरह की रकम क्यों ली गई। कुछ छात्रों ने बताया कि उन्हें कई विषयों में फेल किया गया और बेहद कम अंक मिले। छात्रों ने पूरे परीक्षा परिणाम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पढ़ाई और व्यवस्था पर भी सवाल
छात्रों ने नियमित कक्षाएं नहीं होने, शिक्षकों के बार-बार बदलने और लैब की उचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छात्रों का भविष्य दांव पर है।
‘करियर खराब कर देंगे’ की धमकी का आरोप

छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर शिकायत करने वाले विद्यार्थियों को ‘करियर खराब कर देने’ की धमकी देने का आरोप लगाया। कुछ छात्रों ने गाली-गलौज और एक विद्यार्थी के साथ कथित मारपीट का भी दावा किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस के पहुंचने पर छात्रों ने सवाल उठाया कि अपनी पढ़ाई और परीक्षा से जुड़े अधिकारों की मांग कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस क्यों बुलाई गई।
दो दिन का समय, फिर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी
छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों के मुताबिक ज्ञापन पर रिसीविंग और मुहर दी गई तथा उन्हें दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन मिला है। छात्रों की मांग है कि फेल हुए विद्यार्थियों के परिणाम की निष्पक्ष जांच हो, कथित तौर पर लिए गए पैसों की जानकारी और वापसी की जाए तथा कॉलेज में नियमित पढ़ाई और परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो वे अधिक संख्या में पहुंचकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। छात्रों के आरोपों पर कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

You must be logged in to post a comment Login