देश
स्वच्छ इंदौर के दावों के बीच भावना नगर में मल – मूत्र जूझते लोग
इंदौर। स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान रखने वाले इंदौर में भावना नगर की तस्वीरें नगर निगम के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। यहां ड्रेनेज लाइन के अधूरे काम और बारिश के बाद सड़क पर जमा गंदे पानी व कीचड़ से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजमर्रा की आवाजाही मुश्किल हो गई है और स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कीचड़ से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर बच्चे
रहवासियों के मुताबिक, सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा होने के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। कई बार बच्चे रास्ते में गिर जाते हैं और उनकी स्कूल ड्रेस खराब हो जाती है। आरोप है कि गंदे कपड़ों में पहुंचने पर कुछ बच्चों को स्कूल से वापस भेज दिया जाता है। परीक्षा के दौर में विद्यार्थियों का समय आने-जाने में खर्च हो रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की चिंता है।
40 साल से सड़क का इंतजार
स्थानीय लोगों का दावा है कि क्षेत्र में सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। दोपहिया वाहन चालकों के गिरने और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी की शिकायतें भी सामने आई हैं। रहवासियों का कहना है कि क्षेत्र में ड्रेनेज की समस्या दूर करने के लिए सड़क खोदी गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क का स्थायी निर्माण नहीं किया गया। इससे बारिश के दौरान कीचड़ की समस्या और बढ़ गई।
नगर निगम ने बताया ड्रेनेज कार्य का हिस्सा
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, भावना नगर में पुरानी ड्रेनेज समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 400 से 500 मीटर नई लाइन बिछाने का काम किया गया है। अधिकारी का कहना है कि पहले टेंडर लेने वाली एजेंसी के काम छोड़ने के बाद दोबारा टेंडर किया गया और नई एजेंसी के माध्यम से काम कराया गया।
नगर निगम का कहना है कि लाइन बिछाने के बाद सड़क के स्थायी निर्माण के लिए सीमेंट-कंक्रीट रोड का प्रस्ताव तैयार किया जाना है। अधिकारी के मुताबिक, गहरी खुदाई के कारण मिट्टी के बैठने के बाद ही सड़क का स्थायी निर्माण किया जाना उचित होगा।
रहवासियों ने मांगा तत्काल समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि कागजी प्रक्रिया और प्रस्तावों के बीच उनकी रोजमर्रा की परेशानी नजरअंदाज नहीं की जानी चाहिए। उनका सवाल है कि यदि सड़क का स्थायी निर्माण होने में समय लगेगा तो तब तक कीचड़ और गंदे पानी से राहत के लिए तत्काल व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी नगर निगम से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि शहर की स्वच्छता की पहचान तभी सार्थक होगी, जब भावना नगर जैसे इलाकों में भी लोगों को साफ और सुरक्षित रास्ते मिलें।
-
देश1 year agoसत्ता, पैसा और अंधविश्वास – बाबा इंडस्ट्री की असली कहानी
-
देश1 year agoन्याय के लिए डंडा खाती मां! 🚨 ममता सरकार पर सवाल | Kolkata Case
-
Blog1 year agoBageshwar Baba Exposed? 😱 Miracle ✨ या Illusion 🎭
-
एजुकेशन1 year agoखमरिया गांव की शिक्षा पर संकट: ताले में बंद प्राथमिक शाला और मधुशाला बनी माध्यमिक शाला

You must be logged in to post a comment Login