देश
सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच’ क्रांति, देश की सबसे युवा और अनोखी डिजिटल पार्टी की इनसाइड स्टोरी
नई दिल्ली। भारतीय राजनीति में अब तक आपने ‘हाथी’, ‘साइकिल’, ‘कमल’ और ‘झाड़ू’ की ताकत देखी होगी, लेकिन इस समय देश के डिजिटल गलियारों में एक नया ‘कीड़ा’ रेंग रहा है, जिसने देश के सबसे बड़े राजनीतिक दलों की रातों की नींद उड़ा रखी है। नाम है, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’।
इंटरनेट पर ‘आलसी और बेरोजगार युवाओं की आवाज’ बनने का दावा करने वाली इस व्यंगात्मक पार्टी ने सिर्फ 48 से 72 घंटों के भीतर वह कर दिखाया, जिसे करने में पारंपरिक पार्टियों को सालों लग जाते हैं। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स का आंकड़ा 10 मिलियन को पार कर चुका है, जो भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक हैंडल से भी अधिक है। इसके अलावा, इसकी वेबसाइट पर 3.5 लाख से ज्यादा युवा खुद को इस ‘पार्टी’ का सदस्य रजिस्टर्ड करवा चुके हैं।
गुस्सा, मीम्स और क्रांति, कैसे हुआ ‘CJP’ का जन्म?
इस पूरी कहानी की शुरुआत राजनीति के किसी बंद कमरे से नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी अदालत की एक टिप्पणी से हुई। 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने एक मौखिक टिप्पणी में सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ बेरोजगार युवाओं और फर्जी डिग्री धारकों की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘समाज के परजीवी (पैरासाइट्स)’ से कर दी। हालांकि बाद में उन्होंने सफाई दी कि उनके बयान को गलत संदर्भ में लिया गया, लेकिन तब तक इंटरनेट पर युवाओं का गुस्सा फूट चुका था।
ठीक अगले ही दिन, यानी 16 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तैरती है:
सभी ‘कॉकरोचों’ के लिए एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च कर रहा हूँ। योग्यता: बेरोजगार, आलसी, क्रोनिकली ऑनलाइन और प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता।
देखते ही देखते यह एक देशव्यापी डिजिटल आंदोलन बन गया। युवाओं ने ‘हाँ, मैं कॉकरोच हूँ’ के नारे के साथ बेरोजगारी, नीट पेपर लीक और सरकारी प्रणालियों के खिलाफ मीम्स की बौछार कर दी।
कौन हैं इसके मास्टरमाइंड अभिजीत दीपके?
इस ‘कॉकरोच क्रांति’ के पीछे जिस शख्स का दिमाग है, उनका नाम है अभिजीत दीपके। 30 वर्षीय अभिजीत मूल रूप से महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले हैं।
पढ़ाई और पेशा: अभिजीत ने पुणे से पत्रकारिता की पढ़ाई की है और हाल ही में अमेरिका की प्रतिष्ठित बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर्स की डिग्री पूरी की है। वह एक प्रोफेशनल पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट हैं, जो यह बखूबी जानते हैं कि डिजिटल दुनिया में नैरेटिव कैसे बनाया जाता है।
राजनीतिक कनेक्शन: अभिजीत का राजनीति और सोशल मीडिया का पुराना याराना है। साल 2020 से 2022 के बीच वे आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम के एक प्रमुख वॉलेंटियर थे। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान जो मीम्स वायरल हुए थे, उनमें इनका बड़ा हाथ था। वह दिल्ली के शिक्षा विभाग के कम्युनिकेशंस एडवाइजर भी रह चुके हैं।
मजाक या कोई गंभीर एजेंडा? ये रहा 5 सूत्रीय घोषणापत्र
भले ही यह पार्टी व्यंग्य से शुरू हुई हो, लेकिन इसने एक बेहद गंभीर ‘5-पॉइंट मेनिफेस्टो’ जारी किया है, जो देश की व्यवस्था पर सीधा तंज कसता है:
कॉकरोच जनता पार्टी की प्रमुख मांगें
किसी भी चीफ जस्टिस को रिटायरमेंट के बाद राज्यसभा सीट या कोई सरकारी पद का इनाम न मिले।
अगर किसी वैध नागरिक का वोट वोटर लिस्ट से काटा जाता है, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA के तहत गिरफ्तार किया जाए।
महिलाओं को संसद और कैबिनेट की सभी सीटों पर 50% का सीधा आरक्षण दिया जाए।
बड़े उद्योगपतियों के मालिकाना हक वाले मीडिया घरानों के लाइसेंस रद्द कर स्वतंत्र मीडिया को जगह दी जाए।
दल-बदल करने वाले किसी भी विधायक या सांसद पर 20 साल के लिए चुनाव लड़ने और सार्वजनिक पद संभालने पर रोक लगे।
बड़े नेताओं का मिला साथ, क्या लड़ेंगे चुनाव?
इस डिजिटल लहर को देखते हुए देश के स्थापित राजनेता भी इसमें कूद पड़े हैं। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आज़ाद ने मजाक में इस पार्टी की सदस्यता मांगी, जिस पर CJP ने भी चुटीले अंदाज में जवाब दिए। वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने एक इंस्टाग्राम रील में कहा, अगर मगरमच्छ और कॉकरोच के बीच लड़ाई होगी, तो मैं कॉकरोच जनता पार्टी के साथ खड़ा हूँ।
भविष्य क्या है?
अभिजीत दीपके खुद मानते हैं कि यह आंदोलन शायद कुछ दिनों में शांत हो जाए, क्योंकि उनके पास न तो कोई फंडिंग है और न ही कोई बड़ा दफ्तर। लेकिन उन्होंने देश के युवाओं को अपनी भड़ास और अपनी आवाज को दर्ज कराने के लिए एक ऐसा मंच दे दिया है जिसे आने वाले समय में कोई भी सरकार नजरअंदाज नहीं कर पाएगी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स तो यहाँ तक दावा कर रही हैं कि CJP के समर्थक बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतारने पर भी विचार कर रहे हैं।

You must be logged in to post a comment Login