बिजनेस
11 साल बाद Flipkart में बड़ा बदलाव, CEO कल्याण कृष्णमूर्ति छोड़ेंगे कंपनी; अब किसके हाथ में होगी कमान?
Flipkart में 25 नवंबर को सामने आया एक बड़ा बदलाव । पिछले 11 साल से ज्यादा समय से कंपनी से जुड़े रहने के बाद कंपनी के CEO कल्याण कृष्णमूर्ति अब अपने पद से हटने जा रहे हैं, उनके जाने की खबर के बाद अब कंपनी के नए नेतृत्व को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। Walmart के स्वामित्व वाली Flipkart ने उनके जाने की पुष्टि की है। इस बदलाव से सवाल खड़ा होता है कि कंपनी आगे किसे अपना नया CEO बनाती है और कारोबार पर इसका क्या असर पड़ता है।
- बालाजी त्यागराजन को मिलेगी अंतरिम जिम्मेदारी :
कल्याण कृष्णमूर्ति के जाने के बाद फिलहाल कंपनी के कामकाज संभालने की जिम्मेदारी बालाजी त्यागराजन को मिली। जो कि Flipkart में चीफ प्रोडक्ट एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर के पद पर हैं। कंपनी ने उन्हें अंतरिम जिम्मेदारी सौंपी है। स्थायी CEO के चयन होने तक वह बोर्ड के साथ मिलकर कामकाज देखेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4 दिसंबर 2026 उनका आखिरी कार्यदिवस होगा। आने वाले कुछ हफ्तों में कंपनी नए CEO का नाम ऐलान कर सकती है। - कल्याण कृष्णमूर्ति का Flipkart में कैसा रहा सफर?
कल्याण कृष्णमूर्ति का नाम Flipkart के अहम चेहरों में गिना जाता है। उन्होंने 2013 में कंपनी जॉइन की थी और जनवरी 2017 में CEO की जिम्मेदारी संभाली। बाद में 2018 में उन्हें Flipkart Group का CEO बनाया गया। इससे पहले वह Tiger Global Management के साथ काम कर चुके थे। उनके कार्यकाल में Flipkart ने ऑनलाइन शॉपिंग के साथ-साथ ग्रॉसरी, फिनटेक और दूसरी सेवाओं में भी अपना कारोबार बढ़ाया। कंपनी की Big Billion Days सेल को बड़े स्तर पर पहचान दिलाने में भी उनके नेतृत्व की अहम भूमिका रही। उनके जाने से कंपनी के नेतृत्व में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। - IPO की तैयारी और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच बड़ा फैसला
Flipkart में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब कंपनी शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। मार्च 2026 में कंपनी ने अपनी होल्डिंग कंपनी का रजिस्ट्रेशन सिंगापुर से भारत स्थानांतरित किया था। इसे भारत में संभावित IPO की तैयारी से जोड़कर देखा गया। हालांकि, कंपनी ने अभी तक IPO की तारीख तय नहीं की है। इसके अलावा बाजार में Amazon, Meesho और क्विक कॉमर्स कंपनियों से मिल रही चुनौती भी Flipkart के लिए अहम है। कंपनी अपने Flipkart Minutes कारोबार के जरिए तेजी से सामान डिलीवर करने वाले बाजार में जगह बनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, इन चुनौतियों को कृष्णमूर्ति के जाने की आधिकारिक वजह नहीं बताया गया है। - Walmart ने की तारीफ, आगे की राह पर सबकी नजर
कल्याण कृष्णमूर्ति के जाने पर Walmart International के प्रेसिडेंट और CEO क्रिस निकोलस ने उनके काम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि कल्याण के नेतृत्व से Flipkart और Walmart दोनों को फायदा हुआ है। Walmart ने भारत में Flipkart के कारोबार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर अपना भरोसा भी जताया है। बता दें कि Flipkart की शुरुआत 2007 में सचिन बंसल और बिन्नी बंसल ने की थी। आज यह देश के बड़े ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म में शामिल है। कंपनी के पास 50 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स और 14 लाख से अधिक सेलर्स हैं। ऐसे में CEO का पद खाली होना कंपनी के लिए एक अहम बदलाव है।
नए CEO के सामने आसान नहीं होगी राह :
कल्याण कृष्णमूर्ति के जाने के बाद Flipkart के सामने अब नए नेतृत्व को लेकर बड़ा फैसला लेने की जिम्मेदारी है। कंपनी पहले से ही IPO की तैयारी, मुनाफे में सुधार और बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। ऐसे में नए CEO के लिए कंपनी की मौजूदा स्थिति को संभालना और आगे कारोबार को नई दिशा देना आसान नहीं होगा। अब आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि Flipkart किसे अपना नया मुखिया चुनती है और उसके नेतृत्व में कंपनी किस दिशा में आगे बढ़ती है।
Continue Reading

You must be logged in to post a comment Login