Blog
कभी दर्पण की तरह साफ था करवन का पानी, अब जहरीले झाग और बदबू से बेहाल
अलीगढ़। जिस नदी का पानी कभी इतना साफ हुआ करता था कि उसमें लोग अपना चेहरा देख सकते थे, आज वही नदी काले और बदबूदार पानी से भरी है। अलीगढ़ की इगलास विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाली ऐतिहासिक करवन नदी की हालत ऐसी हो गई है कि स्थानीय लोगों के मुताबिक अब इसका पानी न सिंचाई के लायक बचा है और न ही पशु-पक्षी इसे पी सकते हैं। नदी में जगह-जगह सफेद झाग दिखाई देते हैं और आसपास के लोगों को बदबू के बीच से गुजरना पड़ता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक करवन नदी का ऐतिहासिक महत्व रहा है। यह खैर और इगलास होते हुए आगे आगरा की तरफ जाती है और यमुना की सहायक नदी बनती है। बुजुर्ग बताते हैं कि कभी इसका पानी बेहद साफ था। नदी के किनारे रहने वाले लोग और किसान इसका इस्तेमाल करते थे। आसपास के गांवों के पशु भी इसी नदी का पानी पीते थे। किसान यूनियन के प्रतिनिधि उमेश कुमार शर्मा बताते हैं कि कभी इस नदी से इगलास और सादाबाद क्षेत्र के हजारों एकड़ खेतों की सिंचाई होती थी। लेकिन अब नदी में नालों का गंदा पानी और कंपनियों के रासायनिक अपशिष्ट मिलने से इसकी स्थिति बिगड़ गई है।

पानी और अतिक्रमण बढ़ा रहे संकट
उमेश कुमार शर्मा का आरोप है कि नदी की सफाई के नाम पर अब तक कोई ठोस काम नहीं हुआ। नदी के मूल स्वरूप और चौड़ाई में भी अतिक्रमण के कारण बदलाव आया है। कई जगह लोगों ने नदी की जमीन पर कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि यदि शासन-प्रशासन गंभीरता से सीमांकन कराए, अतिक्रमण हटवाए और सफाई अभियान चलाए तो नदी को फिर से जीवित किया जा सकता है।

बदबू से परेशान ग्रामीण, पशु-पक्षियों के लिए खतरा
स्थानीय निवासी इंद्रजीत सिंह का कहना है कि नदी का पानी इतना दूषित हो चुका है कि इससे सिंचाई करना भी संभव नहीं है। पशुओं के पीने के लिए भी साफ पानी उपलब्ध नहीं है। वहीं, स्थानीय बच्चों ने बताया कि नदी के किनारे से रोज गुजरते समय बदबू के कारण नाक ढकनी पड़ती है। ग्रामीणों ने नदी में पशुओं के मृत पाए जाने की बात भी कही और इसके कारण आसपास के वातावरण पर पड़ रहे असर को लेकर चिंता जताई।
सरकारी दावों पर उठाए सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि नदी की बदहाली को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका सवाल है कि गंगा और यमुना की सफाई के बड़े-बड़े दावों के बीच करवन नदी की सुध क्यों नहीं ली जा रही। स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से नदी का सीमांकन कराने, अतिक्रमण हटाने, गंदे नालों और औद्योगिक अपशिष्ट का प्रवाह रोकने तथा वैज्ञानिक तरीके से सफाई कराने की मांग की है। लोगों के मुताबिक नदी का अस्तित्व बचाने के लिए अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीन पर ठोस कार्रवाई जरूरी है।
सचिन उपाध्याय

You must be logged in to post a comment Login