देश
स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा कड़ी: 12 से 15 अगस्त तक जबलपुर में पार्सल सेवा बंद
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख़्त करने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। 12 अगस्त से 15 अगस्त तक जबलपुर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में पार्सल (माल लदान) सेवा पूरी तरह बंद रहेगी। इस फैसले का असर जबलपुर से भेजे जाने वाले अनाज, किराना, जनरल गुड्स और रेडीमेड वस्त्र के व्यापार पर सीधा पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन ने लीज पर दिए गए सभी एसएलआर, एजीसी और वीपीएस कंटेनरों की जांच भी शुरू कर दी है। यह प्रतिबंध सभी प्रकार के लीज कंटेनरों पर लागू होगा। हालांकि यात्री अपने साथ निर्धारित वजन का निजी सामान ले जा सकेंगे।
जबलपुर से रोजाना तीन ट्रेनें दिल्ली के लिए
महाकोशल एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और श्रीधाम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के लीज कंटेनरों से रोज़ाना 25 से 30 टन माल दिल्ली भेजा जाता है। इसमें मुख्य रूप से अनाज, किराना, स्क्रैप और रेडीमेड कपड़े शामिल होते हैं। इस अवधि में न केवल व्यापारियों को नुकसान होगा, बल्कि यात्री भी लगेज बुक नहीं कर पाएंगे।
सुरक्षा जांच और स्कैनिंग
जबलपुर रेलवे स्टेशन पर लोडिंग से पहले हर पार्सल की गहन जांच की जा रही है। सभी पार्सल स्कैन किए जा रहे हैं ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कदम स्वतंत्रता दिवस पर किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए लिया गया है।

You must be logged in to post a comment Login