बतंगड़ स्पेशल
मिठाई पुल पर बुलडोजर कार्रवाई, सैकड़ों परिवारों की रोज़ी-रोटी पर संकट
दुकानदारों ने बिना नोटिस कार्रवाई का लगाया आरोप, प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान पर उठे सवाल
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सदर बाजार स्थित मिठाई पुल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत हाल ही में बुलडोजर कार्रवाई की गई, जिसके बाद वर्षों से सड़क किनारे दुकानें लगाने वाले सैकड़ों रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। कार्रवाई के बाद पूरा इलाका खाली नजर आया, जहां कभी ग्राहकों की भीड़ और दुकानों की लंबी कतारें दिखाई देती थीं।
प्रभावित दुकानदारों का दावा है कि इस कार्रवाई से करीब 150 से 200 दुकानें प्रभावित हुई हैं और लगभग 700 से 800 लोगों की आजीविका पर असर पड़ा है। कई विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और न ही वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया गया।
कई दुकानदारों ने बताया कि वे पिछले तीन से चार दशक से इस क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। उनका कहना है कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के जुलूस के लिए कुछ दिनों के लिए दुकानें हटाने को कहा गया था, लेकिन बाद में स्थायी रूप से पूरी जगह खाली करा दी गई।
दुकानदारों ने दावा किया कि उनके पास नगर निगम द्वारा जारी सर्टिफिकेट ऑफ वेंडिंग (COV) मौजूद है, जिसके आधार पर वे निर्धारित क्षेत्र में दुकान लगाने के पात्र हैं। कुछ विक्रेताओं ने स्ट्रीट वेंडर्स (प्रोटेक्शन ऑफ लाइवलीहुड एंड रेगुलेशन ऑफ स्ट्रीट वेंडिंग) अधिनियम, 2014 का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले नोटिस देना और वैकल्पिक व्यवस्था करना आवश्यक है।
प्रभावित परिवारों का कहना है कि दुकानें हटने के बाद उनके सामने रोजमर्रा के खर्च, बच्चों की पढ़ाई और घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। कई महिलाओं ने बताया कि परिवार की आय का एकमात्र साधन यही दुकानें थीं।
वहीं कुछ विक्रेताओं ने यह भी स्वीकार किया कि क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या रहती थी, लेकिन उनका कहना है कि प्रशासन पूरी तरह हटाने के बजाय दुकानों को व्यवस्थित तरीके से संचालित कराने या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था कर सकता था।
फिलहाल प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने तथा अपनी आजीविका बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे जनसुनवाई और धरना-प्रदर्शन का सहारा लेंगे।
Read This Also – ‘काम हुआ या नहीं?’ पटना की सड़कों पर जनता की मिली-जुली राय, नई NDA सरकार के एक साल पर उठे सवाल

You must be logged in to post a comment Login