बतंगड़ स्पेशल
भोपाल में कोविड योद्धाओं का 50 दिन से धरना जारी
पुनर्नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन, सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
भोपाल। कोविड-19 महामारी के दौरान अस्पतालों में सेवाएं देने वाले संविदा स्वास्थ्यकर्मी पिछले 50 दिनों से राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में धरने पर बैठे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि महामारी के दौरान जान जोखिम में डालकर काम करने के बावजूद अब सरकार ने उन्हें नौकरी से बाहर कर दिया है। उनका कहना है कि कई बार आंदोलन और ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
‘कोविड में जान जोखिम में डालकर किया काम’
प्रदर्शन में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि जब पूरा देश महामारी के डर से घरों में था, तब उन्होंने अस्पतालों में मरीजों की देखभाल, दवा वितरण, ऑक्सीजन मॉनिटरिंग, बीपी जांच और अन्य चिकित्सकीय सेवाएं दीं। कई कर्मचारियों ने स्वयं भी कोविड संक्रमण झेला, जबकि कुछ के परिवार के सदस्य भी संक्रमित हुए।
एक स्वास्थ्यकर्मी ने बताया कि उन्होंने कोविड के दौरान शवों के अंतिम संस्कार तक में सहयोग किया, क्योंकि कई परिवार अपने परिजनों के शवों को छूने से भी डर रहे थे।
‘अब रोजगार छिन गया, परिवार चलाना मुश्किल’
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोविड सेवा समाप्त होने के बाद उन्हें बजट का हवाला देकर नौकरी से हटा दिया गया। उनका कहना है कि अब परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और कई लोग बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों ने मांग की कि उन्हें स्वास्थ्य विभाग या किसी अन्य सरकारी विभाग में उनकी योग्यता के अनुसार पुनर्नियुक्त किया जाए।
‘आश्वासन मिल रहे, फैसला नहीं’
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अब तक केवल आश्वासन दिए गए हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) से संबंधित पत्र भी अधिकारियों तक पहुंचे, लेकिन नियुक्ति को लेकर कोई निर्णय सामने नहीं आया।
महिलाएं बच्चों के साथ धरने पर
धरने में बड़ी संख्या में महिला स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। कई महिलाएं छोटे बच्चों के साथ प्रदर्शन स्थल पर बैठी नजर आईं। उनका कहना है कि घर पर बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है, इसलिए मजबूरी में उन्हें साथ लाना पड़ रहा है।
रिक्त पदों पर समायोजन की मांग
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रदेश के कई सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। उनका तर्क है कि कोविड काल में चयन प्रक्रिया के तहत नियुक्त किए गए कर्मचारियों को इन रिक्त पदों पर समायोजित किया जा सकता है, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था भी मजबूत होगी और उनकी रोजी-रोटी भी बच सकेगी।
सरकार से अपील
प्रदर्शनकारी स्वास्थ्यकर्मियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्वास्थ्य विभाग से पुनर्नियुक्ति की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने महामारी के दौरान पूरी निष्ठा से सेवा दी थी और अब सरकार को उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

You must be logged in to post a comment Login