देश
जर्जर आयुर्वेदिक अस्पताल बना उपेक्षा की मिसाल, परिसर में गंदगी और पशुओं का डेरा
स्थानीय लोगों ने रखरखाव और अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई, घायल गाय मिलने से भी उठे सवाल
संवाददाता: सचिन उपाध्याय
अलीगढ़। सरकार जहां आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने और लोगों से आयुर्वेदिक अस्पतालों का अधिक उपयोग करने की अपील करती है, वहीं विधानसभा क्षेत्र-77 स्थित एक आयुर्वेदिक अस्पताल की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों में नाराजगी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल वर्षों से जर्जर हालत में है और रखरखाव के अभाव में मरीजों की संख्या लगातार घटती जा रही है।
दीवारें जर्जर, परिसर में गंदगी और गोबर
मौके पर अस्पताल की दीवारें क्षतिग्रस्त और कमजोर दिखाई दीं। स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल परिसर में कूड़ा-कचरा डाला जाता है, जबकि कुछ हिस्सों का उपयोग पशु बांधने और गोबर रखने के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे अस्पताल का वातावरण अस्वच्छ हो गया है।
बारिश में भर जाता है पानी, सांप-बिच्छू निकलने का दावा
स्थानीय निवासी अजीत सिंह ने बताया कि बारिश के दौरान अस्पताल परिसर में पानी भर जाता है। उनके अनुसार ऐसे समय में सांप और बिच्छू निकलने की घटनाएं भी होती हैं, जिससे कई दिनों तक अस्पताल का संचालन प्रभावित रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
‘पहले अधिक मरीज आते थे, अब संख्या कम’
ग्रामीणों का कहना है कि पहले आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग यहां इलाज कराने आते थे, लेकिन भवन की खराब स्थिति और गंदगी के कारण अब मरीजों की संख्या काफी कम हो गई है।
अतिक्रमण और रखरखाव पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी मोहन नंबरदार ने आरोप लगाया कि अस्पताल की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हो रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि परिसर की सफाई कराकर मिट्टी डाली जाए तो यह स्थान बच्चों के खेलने और सार्वजनिक उपयोग के लिए भी बेहतर बनाया जा सकता है।
परिसर के पीछे घायल गाय मिलने का दावा
रिपोर्टिंग के दौरान कुछ बच्चों ने अस्पताल के पीछे एक घायल गाय होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचने पर वहां एक गाय घायल अवस्था में मिली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घायल पशु के उपचार और उचित देखभाल की मांग की।
ग्रामीणों की मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अस्पताल भवन की मरम्मत, नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने और परिसर के संरक्षण की मांग की है। उनका कहना है कि यदि अस्पताल को व्यवस्थित किया जाए तो आसपास के हजारों ग्रामीणों को आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकता है।

You must be logged in to post a comment Login